वाराणसी । कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक’ के तहत 6 म्यूल अकाउंट धारकों को कानून के दायरे में लाया है। इस अभियान के दौरान शहर के चार अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जांच में इन खातों के माध्यम से लगभग 2.42 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की पुष्टि हुई है, जिससे यह कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व डीसीपी नीतू काद्दयान और एसीपी साइबर विदुष सक्सेना के निर्देशन में किया गया। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से संदिग्ध खातों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। जांच में सामने आया कि म्यूल अकाउंट का उपयोग साइबर अपराधी अवैध धन के लेन-देन और ठगी की रकम को छिपाने के लिए करते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल 32 अन्य संदिग्ध खातों की भी गहन जांच जारी है। वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे ठगी के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।





