मीरजापुर। 20 जून 2026 कृषि भवन पिपराडाड़ के सभागार में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या ने किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने विधायक का पौधा भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी की गई है। इसके तहत मीरजापुर जनपद के 2,86,105 किसानों के खातों में कुल 57 करोड़ 22 लाख 10 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह धनराशि किसानों को बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में सहायता प्रदान करेगी तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करेगी।

उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने किसानों को पीएम किसान योजना से जुड़ी समस्याओं के समाधान के बारे में जानकारी दी और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में भी पीएम किसान सम्मान उत्सव दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम में डॉ. जे.पी. बिंद, भाजपा मंडल अध्यक्ष, डॉ. सुधीर श्रीवास्तव सहित लगभग 160 किसान उपस्थित रहे। संचालन डॉ. पंकज कुमार मिश्र ने किया।






