वाराणसी में सोशल मीडिया पर रील बनाकर रौब झाड़ना एक युवक को महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो में युवक धोती-दुपट्टा पहनकर हाथ में पिस्टल लिए सड़क पर घूमता नजर आया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया।
जांच में युवक की पहचान 23 वर्षीय रवि शंकर मिश्रा के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान पता चला कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली नहीं, बल्कि एक खिलौना बंदूक थी। पुलिस ने टॉय गन को कब्जे में लेकर युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के वीडियो बनाना कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए हथियारों या आपत्तिजनक सामग्री का प्रदर्शन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 पर दें।






