रोहनिया । केसरीपुर स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में सोमवार को वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क मरम्मत, नाली-नालों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, आवारा पशुओं की समस्या तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों को प्रमुखता से उठाया।

राजातालाब, रोहनिया, लोहता और चितईपुर क्षेत्रों के निवासियों ने जर्जर सड़कों, जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। कई लोगों ने कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था में सुधार की मांग भी की। महापौर ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा। महापौर ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।








