वाराणसी । जनपद में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। हालिया निरीक्षण अभियान के दौरान शहर के कई कोचिंग सेंटरों में गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। जांच में पाया गया कि कई संस्थानों के आपातकालीन निकास मार्ग (एग्जिट रूट) अवरुद्ध थे, जहां एसी के आउटडोर यूनिट, प्लास्टिक सामग्री और अन्य सामान रखे गए थे। कुछ स्थानों पर भवन मालिक ताला लगाकर अनुपस्थित मिले, जिससे सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि संस्थान निर्धारित अवधि में सुधार नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें बिजली कनेक्शन विच्छेद करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
प्रशासन ने सभी कोचिंग संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अग्निशमन उपकरणों को सक्रिय रखें, आपातकालीन निकास मार्ग पूरी तरह खाली रखें तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा की जा सके।







