आजमगढ़ । सरायमीर क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज और बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच किसान, छात्र, व्यापारी और आम नागरिक बिजली संकट से परेशान हैं। सोशलिस्ट किसान सभा और पूर्वांचल किसान यूनियन ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
संपर्क संवाद कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता कलीम जमाई ने बताया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। कम वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर, फ्रिज और पानी की मोटर तक ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। इससे लोगों को भारी असुविधा के साथ-साथ विद्युत उपकरणों के खराब होने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
दोनों किसान संगठनों ने मांग की है कि सभी फीडरों और ट्रांसफार्मरों का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए, जर्जर बिजली लाइनों का नवीनीकरण किया जाए तथा मानक वोल्टेज सुनिश्चित करने के लिए अवर अभियंताओं की निगरानी टीम तैनात की जाए।
सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव और पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव विरेंद्र यादव ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो दोनों संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की।








