Search
Close this search box.

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की तीन दिवसीय राज्य काउंसिल बैठक संपन्न, सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन का ऐलान

लखनऊ । में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की तीन दिवसीय राज्य काउंसिल बैठक रविवार को कैसरबाग स्थित पार्टी मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इम्तियाज अहमद, कांति मिश्रा और अमेरिका यादव के अध्यक्ष मंडल ने की। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के पर्यवेक्षक डॉ. गिरीश शर्मा ने संगठन को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के वास्तविक मुद्दों की लड़ाई वामपंथी ताकतों को ही लड़नी होगी और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए व्यापक जनसंघर्ष आवश्यक है।

बैठक में राम मंदिर चढ़ावे में कथित गबन, बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के बाजारीकरण, श्रमिकों के शोषण, पुलिसिया कार्रवाई और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। राज्य सचिव की अस्वस्थता के कारण राजनीतिक रिपोर्ट डॉ. रामचंद्र सरस ने प्रस्तुत की, जिस पर 25 प्रतिनिधियों ने चर्चा कर संशोधनों सहित सर्वसम्मति से पारित किया।

बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें 6 जुलाई को राम मंदिर चढ़ावा मामले की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों से जांच कराने की मांग, पंचायत चुनाव समय पर कराने, महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ राज्यव्यापी ज्ञापन, 13 जुलाई को वामपंथी दलों का संयुक्त प्रदर्शन, 18 जुलाई को बेरोजगारी व पेपर लीक के विरोध में युवा प्रदर्शन, अगस्त में छात्र संगठन के कार्यक्रम, 6 से 15 अगस्त तक जनजागरण पदयात्रा तथा 1 सितंबर को दिल्ली में होने वाली भाकपा की विशाल रैली में उत्तर प्रदेश से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय शामिल है।

बैठक के दौरान दिवंगत पार्टी नेत्री आशा मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। अंत में अध्यक्ष मंडल ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।

ब्यूरो लखनऊ अजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें