Search
Close this search box.

जीआरपी जौनपुर ने बरामद किए 88 गुम मोबाइल, 19 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए

जौनपुर। ट्रेनों में यात्रा के दौरान गुम हुए यात्रियों के मोबाइल फोन बरामद करने में जीआरपी जौनपुर को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल की मदद से करीब 19 लाख रुपये मूल्य के 88 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से 55 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को आवश्यक सत्यापन के बाद सौंप दिए गए हैं, जबकि शेष मोबाइलों को उनके मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर जौनपुर सहित विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से पहुंचे लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए जीआरपी जौनपुर की कार्यप्रणाली की सराहना की। लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल सकेगा, लेकिन पुलिस के प्रयासों से यह संभव हो पाया।

यह सफलता जीआरपी अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत मिली। थाना प्रभारी सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा सर्विलांस सेल ने तकनीकी सहायता के माध्यम से मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।

जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें