Search
Close this search box.

कामजी गोंड हत्याकांड में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग, गोंड महासभा ने सौंपा ज्ञापन

बलिया । जनपद के रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी अनुसूचित जनजाति के कामजी गोंड हत्याकांड को लेकर अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामनिवास गोंड के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि नगर मजिस्ट्रेट ने स्वीकार किया।

ज्ञापन में मांग की गई कि कामजी गोंड हत्याकांड की दर्ज प्राथमिकी में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ी जाएं। साथ ही घटना में संलिप्त पुलिस सिपाही और उपनिरीक्षक को तत्काल बर्खास्त कर जेल भेजा जाए। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक की विधवा पत्नी को सरकारी सहायता और पुत्र को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई।

इस मौके पर पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक एवं टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ ने कहा कि जब पुलिसकर्मियों व अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो चुका है तो उनकी गिरफ्तारी में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कामजी गोंड को पुलिस घर से ले गई थी और बाद में गंभीर हालत में छोड़ दिया गया।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस दौरान सुरेश शाह, संजय गोंड, अरविंद गोंडवाना, धनंजय गोंड, अमित गोंड सहित कई लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें