दुद्धी सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन की नई तबादला नीति के तहत प्रदेश के 182 पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इसी क्रम में सोनभद्र जनपद की दुद्धी तहसील में लंबे समय से तैनात उप जिलाधिकारी (एसडीएम) निखिल यादव का तबादला भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण में कर दिया गया है।

वहीं शासन ने सोनभद्र के लिए वर्ष 2020 बैच के तीन पीसीएस अधिकारियों रवि कुमार, आकांक्षा गौतम और विशाल कुमार की तैनाती की है। फिलहाल इन अधिकारियों को जिले की किस तहसील अथवा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसका निर्णय प्रशासन द्वारा शीघ्र लिया जाएगा।
एसडीएम निखिल यादव के स्थानांतरण की सूचना मिलते ही दुद्धी क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। उनके कार्यकाल को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने उनके तबादले पर चिंता जताई, जबकि कई किसानों और स्थानीय नागरिकों ने इसे सकारात्मक बदलाव बताते हुए स्वागत किया है।
अब जिलेभर की निगाहें नए पीसीएस अधिकारियों की तैनाती पर टिकी हैं। खासकर दुद्धी तहसील की कमान किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, इसे लेकर प्रशासनिक हलकों के साथ-साथ आम जनता में भी उत्सुकता बनी हुई है।








