वाराणसी । चेतगंज थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कथित रूप से जुए का खेल संचालित होने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, मिर्जापुर, प्रयागराज और कानपुर सहित विभिन्न शहरों से जुड़े कुछ कथित बुकर इस खेल में सक्रिय बताए जा रहे हैं। वहीं, सूत्रों ने कथित तौर पर ‘किशन महाराज’ नामक व्यक्ति द्वारा ‘महाराजा फड़’ के नाम से जुए का अड्डा संचालित किए जाने का दावा किया है। आरोप है कि यहां दिन-रात करोड़ों रुपये का जुआ चलता है, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मामले को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित होने और सोशल मीडिया पर शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। बताया गया कि 9 मार्च 2026 को राष्ट्रीय पत्रकार परिषद ने कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर मामले से अवगत कराया था। पांच माह बाद भी कार्रवाई न होने पर सवाल है कि आखिर चेतगंज थाना क्षेत्र में कथित जुए के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?







