नई दिल्ली। 19 जुलाई 2026 रोजगार अधिकार अभियान ने 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च के समर्थन में राष्ट्रीय स्तर पर एक्स कैंपेन चलाने का निर्णय लिया है। अभियान की टीम ने रविवार को जंतर-मंतर पहुंचकर शांतिपूर्ण आंदोलन के प्रति केंद्र सरकार की कथित असंवेदनशीलता और आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की।

अभियान के तहत #EducationMinisterMustResign और #TaxCorporateWealth_GuarantteeEmployment हैशटैग के माध्यम से मोदी सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी। अभियान में प्रत्येक नागरिक के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन के संवैधानिक अधिकारों की गारंटी तथा कॉरपोरेट संपत्तियों पर कर लगाने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रोजगार अधिकार अभियान ने अनशनरत पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की कथित बलपूर्वक गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए आइसा नेताओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। टीम ने जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
इस दौरान रोजगार अधिकार अभियान के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर राजेश सचान, टीना शुभयमूर्ति, अभिषेक मिश्रा, हर्षल ठाकुर, स्नेहा और अनिमेष शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे। यह जानकारी रोजगार अधिकार अभियान की राष्ट्रीय संचालन समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई।







