Search
Close this search box.

फर्जी भारतीय पहचान और पासपोर्ट के सहारे शारजाह जाने की कोशिश नाकाम, अफगान नागरिक बाबतपुर एयरपोर्ट पर गिरफ़्तार

वाराणसी । जनपद के अंतरराष्ट्रीय लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट, बाबतपुर पर इमिग्रेशन जांच के दौरान फर्जी भारतीय पहचान बनाकर यात्रा कर रहे एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया। 19 जुलाई को एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-183 से वाराणसी से शारजाह जाने के दौरान संदिग्ध यात्री को ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के अधिकारियों ने पकड़ा। जांच में उसकी पहचान अफगानिस्तान निवासी अब्दुल रहमान ताराकी के रूप में हुई, जिसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर रहमान शाह के नाम से कथित रूप से धोखाधड़ीपूर्वक भारतीय पासपोर्ट हासिल किया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2019 में मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं गया। इसके बाद उसने नाम, जन्मतिथि और माता-पिता का विवरण बदलकर मुंबई से भारतीय पासपोर्ट बनवाया और उसी के आधार पर विदेश जाने का प्रयास किया।

थाना फूलपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र, डोमिसाइल प्रमाण पत्र, विदेशी मुद्रा और भारतीय नकदी बरामद हुई। मामले में फर्जी दस्तावेज बनवाने में सहयोग करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें