गाजीपुर । जनपद के पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गोवंशों को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन को भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरमान पुत्र अलाउद्दीन निवासी जलालाबाद, जनपद गाज़ीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पशु तस्करी में शामिल अपने फरार साथी धर्मपाल राजभर का नाम बताया। इसके अलावा उसने अपने अन्य सहयोगियों के रूप में राजेश यादव पुत्र झम्मन यादव निवासी बहलोलपुर, सुभाष यादव पुत्र जगनमोहन यादव निवासी जलालाबाद तथा सुनील यादव पुत्र सुरेश यादव निवासी रायपुर, थाना मरदह, जनपद गाज़ीपुर के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








