दुद्धी सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा 21 और 22 जुलाई को सोनभद्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। 22 जुलाई को वे दुद्धी और अमवार क्षेत्र का दौरा कर कनहर सिंचाई परियोजना से निकलने वाली नहरों के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार मंत्री अमवार में सिंचाई विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर नहर निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता की समीक्षा करेंगे। इसके बाद दुद्धी स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में तहसील स्तरीय अधिकारियों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं, कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं और समन्वय समिति की समीक्षा बैठक भी होगी।
दोपहर में राज्य मंत्री कृषि मंडी परिसर में भाजपा के विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
राज्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कनहर परियोजना की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने दी।






