गाजीपुर । जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को गाजीपुर पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, चौराहों, मुख्य मार्गों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक लिया तथा उन्हें हर परिस्थिति में पुलिस सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान भी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से कानून एवं यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।






