मीरजापुर । आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, गुरु पूर्णिमा, बारावफात एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक की। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और 25 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी कर लें।
नगर निकाय, विद्युत, जल निगम, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ मार्गों पर विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आवश्यकतानुसार टेबल टॉप संकेतक लगाने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को 23 जुलाई तक डॉक्टरों, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की सूची पुलिस कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, सोशल मीडिया पर निगरानी और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीजे की ऊंचाई मानक के अनुसार रखने और उसके ऊपर किसी के न बैठने की हिदायत दी गई। बैठक में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पीस कमेटी के सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बसंत कुमार गुप्ता।






