वाराणसी। यात्रियों को उत्कृष्ट और संवेदनशील सेवा प्रदान करने की दिशा में वाराणसी मंडल के वाणिज्य कर्मचारियों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में कर्मयोगी मॉड्यूल के माध्यम से प्रशिक्षित कर्मचारी यात्रियों की सहायता के लिए निरंतर तत्पर हैं।
इसी क्रम में 23 जुलाई को बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर स्टॉल संख्या 1819 के पास एक यात्री का पर्स मिला। रेलवे कर्मचारियों ने पर्स को सुरक्षित रखकर उसके वास्तविक स्वामी की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू की। पर्स में एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा ₹5,000 नकद सुरक्षित थे।
आज संबंधित यात्री के बनारस स्टेशन पहुंचने पर उसने अपना यात्रा टिकट और पहचान पत्र प्रस्तुत किया। पहचान सत्यापित होने के बाद सीनियर टीई अमृत राय ने यात्री को उसका पर्स सकुशल सौंप दिया। पर्स में रखी सभी वस्तुएं और नकदी सुरक्षित थीं।
खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने वाराणसी मंडल के वाणिज्य कर्मचारियों की ईमानदारी, तत्परता और यात्री सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया।









