वाराणसी । जनपद के भेलूपुर थाना पुलिस ने एटीएम में लोहे की प्लेट लगाकर ग्राहकों के पैसे फंसाने और धोखाधड़ी कर रकम निकालने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹39,800 नकद, चार लोहे की प्लेटें, सफेद टेप और काले रंग का मोटा कागज बरामद किया है।
बीएचयू कालोनी के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भेलूपुर पुलिस टीम ने बीएचयू कॉलोनी, बैजनत्था-बिरदोपुर के पास कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श कुमार, सचिन कुमार, अभय राजपूत, राजकुमार, हिमांशु सिंह और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी फतेहपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि एटीएम में प्लेट लगाकर पैसा चोरी और धोखाधड़ी की शिकायत पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 303(2) और बढ़ोतरी धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी प्रिंस कुमार के खिलाफ फतेहपुर के मलवां थाने में भी पूर्व में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह समेत भेलूपुर थाना पुलिस और सर्विलांस सेल के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।










