Search
Close this search box.

जमीन विवाद में निर्माण को लेकर हंगामा, महिला कांस्टेबल पर महिला और बच्ची को थप्पड़ मारने का आरोप

गाजीपुर। जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर निर्माण कार्य के दौरान उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में कानूनगो और लेखपाल भी शामिल थे। निर्माण कार्य शुरू कराने के दौरान विपक्षी पक्ष ने संबंधित आदेश की प्रति दिखाने की मांग करते हुए विरोध जताना शुरू कर दिया।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तीखा विरोध किया। इसी दौरान आरोप है कि एक महिला कांस्टेबल ने हंगामे के बीच एक महिला और एक बच्ची को थप्पड़ मार दिया। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया और मौके पर भीड़ उग्र होने लगी।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। काफी प्रयास के बाद मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। घटना के बाद एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मामले को लेकर प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।

Leave a Comment

और पढ़ें