मीरजापुर । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सभागार में 29 जुलाई 2026 को 0 से 14 वर्ष तक के बच्चों को क्षय रोग (टीबी) से बचाव एवं पहचान के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सीबी पटेल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर एवं आशा संगिनियों को वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर्स संस्था के सहयोग से प्रशिक्षित किया गया।

डॉ. सीबी पटेल ने कहा कि बच्चों में टीबी की समय पर पहचान और जांच बेहद जरूरी है। सभी स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं मेहनत से निर्वहन करें, ताकि भारत को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
क्षय विभाग के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सतीश शंकर यादव ने प्रशिक्षण के दौरान टीबी के प्रमुख लक्षणों की जानकारी देते हुए सरकारी स्तर पर उपलब्ध नि:शुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने की अपील की और कहा कि लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच कराएं तथा पॉजिटिव पाए जाने पर चिकित्सक की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टीबी का इलाज योग्य चिकित्सक की सलाह और उचित खान-पान से संभव है, न कि ओझा-सोखा या तंत्र-मंत्र से। संस्था के डीसी धनंजय श्रीवास्तव ने फील्ड रिपोर्टिंग की विधि समझाई। कार्यक्रम में डॉ. ओपी पाल, प्रदीप कुमार, लव कुश, पंकज सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बसंत कुमार गुप्ता।








