गाजीपुर । जनपद के जमानियां थाना क्षेत्र में युवक विजय कुमार उर्फ भोला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 25/26 जुलाई 2026 की रात 26 वर्षीय विजय कुमार उर्फ भोला की घर में घुसकर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना जमानियां में मुकदमा संख्या 249/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
29 जुलाई को प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर भैदपुर-बहादुरपुर नहर मार्ग के पास घेराबंदी कर विशाल पासी (21) निवासी परमेश्वरपुर टोकवा तथा अंश सिंह (24) निवासी हरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में शामिल एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








