गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था और माफिया के मुद्दे पर सख्त संदेश दिया। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण के कारण वर्षों तक कुछ माफियाओं ने जिले में भय और अराजकता का माहौल बनाया, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज है और अपराधियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलेगा।
माफिया और अपराध पर जीरो ट्रालरेस
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द खराब करने का प्रयास करेगा तो उसे “मिट्टी में मिला दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसे लोगों के लिए अब केवल दो रास्ते हैं—जेल या कानून के तहत कड़ी कार्रवाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है।
कृष्णानंद राय हत्याकांड कहां किया उल्लेख
योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विधायक कृष्णानंद राय और उनके छह साथियों की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि वह प्रदेश के इतिहास की दर्दनाक घटना थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून सबके लिए समान है और कोई भी व्यक्ति कितना प्रभावशाली क्यों न हो, अपराध करने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में विकास, निवेश, रोजगार और सुरक्षा का नया माहौल तैयार किया है।
रिपोर्टिंग उमेश यादव गाजीपुर।










