बलिया । जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग के कायाकल्प अभियान की समीक्षा बैठक में विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और कार्यों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने बताया कि जिले के 26 विद्यालयों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं कराया गया है। इस लापरवाही पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। डीएम ने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा तक सभी विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित नहीं हुआ तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

किचन शेड निर्माण, दिव्यांग अनुकूल सुविधाओं और बाउंड्रीवाल निर्माण में धीमी प्रगति पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। कई विकासखंडों के बीईओ और बीडीओ से स्पष्टीकरण मांगते हुए लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कायाकल्प कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए एक सप्ताह में प्रस्ताव तैयार करने और नई जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों में मेडिकल जांच, पेयजल गुणवत्ता, टंकी सफाई और दवा उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने निर्देश दिया कि 15 अगस्त तक सभी विद्यालयों के कक्षों पर देश की महान विभूतियों के नाम अंकित किए जाएं। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, बीएसए मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









