बलिया । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। धरना सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश संरक्षक विजय कुमार सिंह ने कहा कि संगठन ने लंबे संघर्षों के बल पर शिक्षकों को सेवा सुरक्षा, वेतन वितरण अधिनियम, पेंशन, मृतक आश्रित नियुक्ति और समान वेतनमान जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियां दिलाई थीं, लेकिन समय के साथ ये अधिकार कमजोर होते जा रहे हैं।
उन्होंने नई पेंशन योजना (एनपीएस) पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे सेवानिवृत्त शिक्षकों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने शिक्षकों से संगठन को मजबूत बनाने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

सभा को देव कुमार सिंह, अशोक कुमार सिंह, रामप्रीति यादव, डॉ. श्याम कुमार सिंह, उपेंद्र शर्मा, आदित्य पांडेय, गोवर्धन पांडेय, अजय कुमार सिंह, अनिल कुमार पांडेय, सुभाष सिंह एवं डी. मिश्रा सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जयशेर बहादुर सिंह तथा संचालन जिला मंत्री जयनारायण कन्नौजिया ने किया। अंत में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा गया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








