वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड पर शुक्रवार को 29वीं अंतर वाहिनी हॉकी प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन आयोजन सचिव एवं मुख्य अतिथि सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने किया। उप सेनानायक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी टीमों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी और खिलाड़ियों ने खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ ली।

अपने संबोधन में डॉ. पाण्डेय ने सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना ही सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ, बैंड टीम तथा निर्णायक मंडल की भूमिका की सराहना करते हुए अनुशासित एवं निष्पक्ष प्रतियोगिता पर जोर दिया।

उद्घाटन मुकाबला 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर और 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के बीच खेला गया, जिसमें 34वीं वाहिनी ने 5-1 से शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में पूर्वी जोन की 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 2 अगस्त 2026 तक चलेगी।

मैच के दौरान हजारों दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, कैलाश नाथ यादव, सुरेंद्र कुमार, संजय सिंह, राम सिंह, पीसी अंकित कुमार सिंह सहित सभी टीमों के कोच, मैनेजर और खिलाड़ी उपस्थित रहे।








