बलिया । पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रसड़ा थाना पुलिस को दहेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नगहर गांव में दर्ज दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका के भाई की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि उसकी बहन की शादी 2 जून 2017 को नगहर गांव निवासी अतुल सिंह उर्फ अटल पुत्र शंभूनाथ सिंह के साथ हुई थी। विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जाती रही। मांग पूरी न होने पर मृतका को प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को पति, सास-ससुर, देवर, भसुर तथा अन्य परिजनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
मामले में रसड़ा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर 30 जुलाई 2026 को नगहर मोड़ से पति अतुल सिंह उर्फ अटल और अष्टभुजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








