Search
Close this search box.

30 वर्षों की सेवा का मिला सम्मान, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार बने उपनिरीक्षक

मुगलसराय । उत्तर प्रदेश पुलिस के वर्ष 1995 बैच के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार को उनकी करीब 30 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा का सम्मान मिला है। पदोन्नति के बाद उन्हें उपनिरीक्षक (दारोगा) पद पर चयनित किया गया है। इस सूचना के बाद मुगलसराय कोतवाली में खुशी का माहौल छा गया।

मूल रूप से जौनपुर जनपद के थाना चंदवक क्षेत्र के ककरापार गांव निवासी अनिल कुमार पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से मुगलसराय कोतवाली में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। अपनी सरल छवि, ईमानदार कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के चलते उन्होंने पुलिस विभाग के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी विशेष पहचान बनाई।

पदोन्नति की जानकारी मिलते ही मुगलसराय कोतवाली के थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित सभी पुलिसकर्मियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर बधाई दी। सहकर्मियों ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लंबे सेवाकाल, अनुशासन और मेहनत का परिणाम है।

नवनियुक्त उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने अधिकारियों और साथियों का आभार जताते हुए कहा कि वह भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे।

ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।

Leave a Comment

और पढ़ें