बलिया । विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को जिला चिकित्सालय, बलिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा के आदेश पर आयोजित हुआ।

सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में पैरालीगल वालंटियर्स ने माताओं एवं आमजन को स्तनपान के महत्व, महिलाओं और बच्चों के कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराना उसके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा इससे माताओं को भी अनेक स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।

शिविर में मातृत्व लाभ, बाल संरक्षण, घरेलू हिंसा से संरक्षण, निःशुल्क विधिक सहायता और महिलाओं के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अंत में सभी से नवजात शिशुओं को जन्म के पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराने और अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी कृष्णानन्द यादव, रीता शर्मा, मीरा देवी, शिल्पी गुप्ता, दिप्ती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








