वाराणसी । सावन माह के पहले सोमवार पर धर्मनगरी काशी शिवभक्ति में सराबोर नजर आई। मंगला आरती के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसके बाद बाबा के दर्शन के लिए कांवरियों और भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की लाइन रही और पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” व “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। दर्शन के लिए छह प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु राहत शिविर, स्वास्थ्य हेल्प डेस्क, पेयजल व भोजन की व्यवस्था की गई है। गंगा घाटों पर जल पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोर तैनात हैं।
बढ़े जलस्तर को देखते हुए बैरिकेडिंग कर सुरक्षित स्नान की व्यवस्था की गई है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों और भारी पुलिस बल की निगरानी है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से सम्मानजनक व्यवहार करने तथा कांवरियों के वेश में अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।









