वाराणसी । जनपद में किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को जनपदव्यापी छापेमारी अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा गठित संयुक्त टीमों ने सदर, पिंडरा और राजातालाब तहसीलों में साधन सहकारी समितियों, पीसीएफ, इफको, आईएफएफडीसी, औद्यानिक समितियों सहित निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों और गोदामों की जांच की।

अभियान के दौरान नामित उर्वरक निरीक्षकों ने कुल 49 बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता परीक्षण के लिए 28 उर्वरक के नमूने लिए। जांच में दुकान बंद मिलने पर मेसर्स पारस बीज भंडार बड़ागांव और मेसर्स किसान बीज एवं खाद भंडार चकखरावन साधोगंज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर मेसर्स न्यू सागर कृषि केंद्र करनाडी को भी नोटिस दिया गया।
अधिकारियों ने विक्रेताओं को दुकान पर रेट बोर्ड लगाने तथा किसानों को खतौनी के अनुसार पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाकर निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभाग के अनुसार जिले में यूरिया और डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। शिकायत के लिए किसान 7007259547 और 9369560120 पर संपर्क कर सकते हैं।





