वाराणसी । जनपद के थाना लंका पुलिस ने गाड़ी में बैठाकर छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती का सामान, चाकू और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को पीड़ित ने थाना लंका में छिनैती की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा संख्या 0426/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की मदद से पुलिस ने 21 अगस्त को गढ़वा घाट के पीछे खाली मैदान के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अश्विनी कुमार (46) निवासी नासिरपुर, थाना चित्तईपुर, वाराणसी, वैभव कुमार मौर्या (20) निवासी दुल्लमपट्टी, थाना सैय्यदराजा, चंदौली और राजेश्वर केसरी (25) निवासी लोकवनपुर घमुनिया मोड़, थाना सैय्यदराजा, चंदौली शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से पीली धातु की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी, एक हैंडमेड चाकू तथा यूपी 32 आरई 5005 वाहन बरामद किया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।







