Search
Close this search box.

सिगरा-औरंगाबाद सीएम ग्रिड मार्ग निर्माण में तेजी के निर्देश, नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

वाराणसी । नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को सिगरा से औरंगाबाद तक सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जल निगम द्वारा कराए जा रहे पेयजल इंटर कनेक्शन की शिफ्टिंग कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा कराने की हिदायत दी, ताकि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

नगर आयुक्त ने नगर निगम के अधिशासी अभियंता (सिविल) और जल निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल से लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे सीएम ग्रिड मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कर आमजन को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता कमल सिंह टीम के साथ तथा नगर निगम के अधिशासी अभियंता (सिविल) आगम कटियार भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें