चन्दौली। /डीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय का दौरा कर विभिन्न नवनिर्मित एवं उन्नत यात्री व रेल सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

महाप्रबंधक ने पूर्व मध्य रेल इंटर कॉलेज में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विद्यालय के नवीनीकृत अध्यापक कक्ष एवं उन्नत कंप्यूटर प्रयोगशाला की सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद प्लांट डिपो कॉलोनी एवं स्टेशन कॉलोनी में नवनिर्मित ट्रांजिट हाउस तथा उनकी सुविधाओं का अवलोकन किया।

उन्होंने विद्युत कर्षण विभाग के नवनिर्मित ‘ऊपरी उपस्कर एवं विद्युत आपूर्ति डिपो’ और मंडल कार्यालय के सामने बने ‘दूरस्थ नियंत्रण केंद्र एवं कर्षण विद्युत नियंत्रण’ भवन का भी निरीक्षण किया।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। दौरे के अंत में डीडीयू जंक्शन–जीवनाथपुर के बीच निर्माणाधीन तृतीय रेल लाइन का निरीक्षण किया। विभिन्न स्थानों पर महाप्रबंधक एवं अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।







