Search
Close this search box.

फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर पीडीडीयू नगर में फिर हड़कंप, दुकानों पर नोटिस चस्पा; 7 नवंबर को दस्तावेजों संग बुलाए गए दुकानदार

पीडीडीयू नगर में फोरलेन सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की ओर से फोरलेन की दक्षिणी पटरी पर वीआईपी गेट से पार्सल गेट तक बनी दुकानों पर सरकारी जमीन खाली करने संबंधी नोटिस चस्पा किए गए। कई दुकानदारों को नोटिस हाथोंहाथ भी सौंपे गए हैं।

नोटिस में दुकानदारों को 7 नवंबर को एसडीएम पीडीडीयू नगर के कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। लंबे समय से यहां दुकानें संचालित होने के कारण नोटिस मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले जेसीबी से कई दुकानों के आगे के हिस्से गिराए गए थे, लेकिन बाद में कार्रवाई रोक दी गई। इसके बाद कुछ दुकानदारों ने दोबारा कारोबार शुरू कर दिया और कुछ ने क्षतिग्रस्त दुकानों की मरम्मत भी करा ली।

पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता पीएन त्रिपाठी के अनुसार, संबंधित दुकानें सरकारी जमीन पर बनी हैं और सड़क चौड़ीकरण के लिए इन्हें हटाना आवश्यक है। अब 7 नवंबर को दुकानदारों के पक्ष और दस्तावेजों के आधार पर प्रशासन के फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें