चन्दौली। /डीडीयू नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बीच भारत लौट रहे 106 यात्रियों के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के महिला कल्याण संगठन ने डीडीयू जंक्शन पर संवेदनशील पहल करते हुए विशेष यात्री सुविधाओं की व्यवस्था की। महाराष्ट्र की ओर जा रहे ये यात्री ट्रेन संख्या 17609 पटना–पूर्णा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे।

डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या चार पर ट्रेन पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा चित्रा सिंह यात्रियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कोच में यात्रियों की सीट पर जाकर उनका कुशलक्षेम जाना और यात्रा के अनुभवों की जानकारी ली।
महिला कल्याण संगठन की ओर से यात्रियों के लिए नाश्ते के पैकेट, फल, पानी की बोतल और चाय की व्यवस्था की गई। संगठन की सदस्याओं एवं रेल कर्मचारियों ने यात्रियों की सीट तक पहुंचकर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सा टीम भी मौजूद रही और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

यात्रियों ने रेलवे की इस त्वरित और आत्मीय पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। रेलवे ने पटना में दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाकर यात्रियों को सीट उपलब्ध कराई तथा डीडीयू मंडल ने दो अतिरिक्त टिकट परीक्षकों की व्यवस्था कर उन्हें प्रयागराज तक यात्रियों के साथ भेजा।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।








