वाराणसी: प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को इस वर्ष पुनर्वास सेवाओं में सर्वश्रेष्ठ जिला के रूप में चुना गया है। इसके लिए जिलाधिकारी एस राजलिंगम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में दिया जाएगा।
संस्थाओं और व्यक्तियों को मिलेगा विशेष सम्मान
वाराणसी की नई सुबह संस्था को गैर-व्यावसायिक श्रेणी में पुनर्वास सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, जन विकास समिति को सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। व्यक्तिगत श्रेणी में, महिला वर्ग में रीतू को भी उनके विशेष योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
वाराणसी की विशेष उपलब्धियां
वाराणसी प्रदेश का पहला जिला है जिसने दिव्यांगजनों के लिए टी-20 क्रिकेट मैच का आयोजन किया। यह कदम दिव्यांगजनों की क्षमताओं को प्रोत्साहित करने और समाज में उनकी भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल थी। इसके अलावा, पुनर्वास सेवाओं के हर पहलू में वाराणसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिससे इसे यह प्रतिष्ठित मान्यता मिली।







