बलिया । जनपद के रसड़ा स्थित अनूप नगर में रविवार की देर रात श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री चित्रगुप्त कायस्थ फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित भव्य सामूहिक चित्रगुप्त पूजा एवं विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शाम सात बजे शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन देर रात तक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच चलता रहा।

भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की आकर्षक प्रतिमा के समक्ष श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और सद्बुद्धि की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और कलम-दवात पूजन ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। पूजा के बाद विशाल भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन प्रमुख आकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त न्याय, ज्ञान और कर्म के प्रतीक हैं तथा ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा, संस्कार और एकता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर प्रशांत शेखर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









