बलिया । जनपद के भीमपुरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे 50 वर्षीय आरोपी भृगुनाथ शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दाव/गड़ासा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार और थानाध्यक्ष भीमपुरा रंजीत विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी।
मामला 8 अगस्त का है। तहरीर के मुताबिक पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज और मारपीट के दौरान आरोपी ने वादिनी के पुत्र पर बांका से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में भीमपुरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 126/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने 9 अगस्त की सुबह करीब 5:45 बजे मुखबिर की सूचना पर रेलवे क्रॉसिंग किडिहरापुर के पास से भृगुनाथ शर्मा पुत्र राम अवध शर्मा, निवासी शाहपुर टिटिहा को गिरफ्तार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
रिपोर्टिंग बलिया अवधेश यादव।









