चन्दौली। /डीडीयू नगर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसडीएम मुगलसराय राजीव मोहन सक्सैना तथा कोतवाली पुलिस ने प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों और व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम राजीव मोहन सक्सैना ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों का सामान सड़क पर न फैलाने और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
पैदल मार्च के दौरान व्यापारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि रात के समय बिना अनुमति किसी प्रकार का निर्माण, मरम्मत या तोड़फोड़ का कार्य न कराया जाए। प्रशासन का कहना है कि ऐसे कार्यों से सुरक्षा संबंधी जोखिम उत्पन्न हो सकते हैं। पुलिस अधिकारियों ने नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात बनाए रखने के लिए प्रशासनिक निर्देशों का पालन आवश्यक है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।









