चन्दौली । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करवत के पास मंगलवार को बाइक और छोटी ट्रॉली की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, छोटी ट्रॉली चालक निजामुद्दीन पुत्र स्वर्गीय पीर मोहम्मद निवासी दुल्हीपुर पोखरा तथा बाइक सवार महेंद्र यादव पुत्र भाईलाल यादव निवासी कैथापुर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दुल्हीपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार और कांस्टेबल बाल कृष्ण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि ट्रॉली चालक निजामुद्दीन को अपेक्षाकृत अधिक गंभीर चोटें आई हैं।
फिलहाल जिला अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।









