Search
Close this search box.

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन में बगावत: गाजीपुर इकाई समेत छह तहसीलों के पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा, बनाया नया संगठन

गाजीपुर । ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) गाजीपुर इकाई में बड़ा संगठनात्मक संकट सामने आया है। जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ-साथ जनपद की सात तहसीलों में से छह तहसीलों के अध्यक्षों और सैकड़ों सदस्यों ने सामूहिक रूप से अपने पदों तथा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद सभी ने नए संगठन “भारतीय ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश” की सदस्यता ग्रहण कर ली।

मंगलवार को मिश्र बाजार स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान ग्रापए वाराणसी मंडल के मंडल महामंत्री रविन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने भी अपने पद और सदस्यता से इस्तीफा देकर नए संगठन का दामन थाम लिया।

बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारी संगठन में तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक तरीके से हस्तक्षेप कर रहे थे। तहसील अध्यक्षों को मनमाने ढंग से हटाने तथा संगठनात्मक ढांचे में छेड़छाड़ से असंतुष्ट होकर यह कदम उठाया गया।

नए संगठन से जुड़ने वालों में गाजीपुर सदर के मुकेश उपाध्याय, सैदपुर के प्रहलाद दास जायसवाल, मोहम्मदाबाद के रामविलास पाण्डेय, जमानियां के विकास सिंह, सेवराई के मृत्युंजय सिंह तथा जखनियां के सुधाकर पाण्डेय शामिल हैं। वहीं जिला स्तर पर पूर्व अध्यक्ष कमलेश कुमार पाण्डेय, महामंत्री विनीत दूबे, कोषाध्यक्ष शुभम मोदनवाल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी सदस्यता ग्रहण की।

बैठक में सर्वसम्मति से कमलेश कुमार पाण्डेय को भारतीय ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, गाजीपुर का जिलाध्यक्ष चुना गया। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही नई जिला कार्यकारिणी का गठन कर सूची जारी की जाएगी तथा आगामी बैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर चर्चा होगी।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें