वाराणसी । जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित काशीराम आवास परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब इंदरपुर निवासी एक युवती पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। युवती का आरोप है कि उसके परिजन उसकी पसंद के युवक से शादी नहीं करने दे रहे हैं। टंकी पर चढ़कर वह बार-बार आत्महत्या की धमकी देने लगी, जिससे मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिसकर्मी और परिजन युवती को समझाने का प्रयास करते रहे। काफी देर तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रही। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।









