वाराणसी । जनपद के पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ निवासी 22 वर्षीय नितेश पाण्डेय पुत्र शिवपूजन पाण्डेय के रूप में हुई है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन पर डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन और एसीपी कोतवाली के नेतृत्व में रामनगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 21 मई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल से अवैध हथियार लेकर पीएसी तिराहे से दुर्गा मंदिर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर भावन बीघा मैदान से नाथूपुर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास उसे पकड़ लिया।
तलाशी में युवक के पास से दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और सात कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता था और इन हथियारों को लगभग एक वर्ष पहले बिहार के मुंगेर से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









