बलिया । जनपद के थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित के खाते में 50,786 रुपये वापस कराए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चेतन किशोर निवासी अनुज कुमार राय पुत्र बरमेश्वर राय ने NCRP पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अप्रैल 2026 को उनके एचडीएफसी बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से धनराशि स्थानांतरित कर ली गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा संजय वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर रजनीश कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक मूलचन्द चौरसिया के नेतृत्व में साइबर टीम ने बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से ठगी की धनराशि को होल्ड कराते हुए 22 मई 2026 को पीड़ित के खाते में वापस करा दिया।
धनराशि वापस मिलने के बाद शिकायतकर्ता अनुज कुमार राय ने बलिया पुलिस एवं थाना सिकन्दरपुर टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस सफलता में साइबर प्रभारी चन्द्रशेखर यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर राजू यादव, आरक्षी शिवम राय, शिवप्रताप सिंह, संदीप कुमार तथा महिला आरक्षी किर्ती यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








