वाराणसी । जनपद के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज इलाके में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयनगरम मार्केट में आधी रात पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी से हड़कंप मच गया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा और रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने शराब की बड़ी खेप जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लेते हुए पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में डर का माहौल बनेगा। सिगरा पुलिस की यह तेज और आक्रामक कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।









