Search
Close this search box.

यूपी में आग का कहर: गोदाम, शोरूम, मकान और अस्पताल में लगी भीषण आग, कई जिलों में मची अफरा-तफरी

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को आग की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। अमरोहा, हापुड़, हमीरपुर, एटा, उन्नाव और अयोध्या समेत कई जिलों में गोदाम, मकान, शोरूम, कार और अस्पताल तक आग की चपेट में आ गए। कहीं शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है तो कहीं साजिश की आशंका जताई गई है। दमकल विभाग की टीमों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अमरोहा के बिजनौर रोड स्थित जूते-चप्पल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने आग बुझाई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।

हापुड़ के फ्रीगंज रोड पर सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं हमीरपुर के मौदहा कस्बे में खड़ी कार आग का गोला बन गई। कार मालिक ने कुछ लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एटा के जैथरा कस्बे में तीन मंजिला मकान में लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घर में फंसी महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे पुलिस ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया। उन्नाव के सोहरामऊ क्षेत्र में ई-स्कूटी शोरूम में लगी आग ने आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया।

अयोध्या के जिला महिला अस्पताल की चौथी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Comment

और पढ़ें