Search
Close this search box.

ड्रोन ऑपरेटर पर जानलेवा हमला, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश

मिर्जापुर । जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे एक ड्रोन ऑपरेटर पर हमला कर लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। जिगना थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में ड्रोन संचालन का कार्य पूरा करने के बाद भटेवरा निवासी नितेश यादव देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गैपुरा चौकी क्षेत्र के बरईबरी गांव के पास सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने उन्हें असहाय बनाने के बाद उनके पास मौजूद दो मोबाइल फोन और 7,500 रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर विंध्याचल थाना प्रभारी अजीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें