बलिया । जनपद के प्रख्यात शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. विद्यासागर उपाध्याय को मध्य प्रदेश की प्रतिष्ठित संस्था विश्व हिन्दी प्रचारिणी महासभा द्वारा वर्ष 2026 के सर्वोच्च “दर्शन-साहित्य-प्रज्ञाशिखर सम्मान” के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान आगामी 31 मई 2026 को इंदौर स्थित श्री मध्य भारत हिन्दी साहित्य समिति सभागार में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रदान किया जाएगा।

मूल रूप से बलिया निवासी डॉ. उपाध्याय को यह सम्मान दर्शन और साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने सांख्य और वेदान्त दर्शन पर आधारित 23 वृहद् ग्रंथों की रचना की है तथा हिन्दी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश-विदेश में उनके शताधिक शोध पत्र प्रस्तुत हो चुके हैं और उन्हें अब तक 150 से अधिक सम्मान एवं उपाधियां प्राप्त हो चुकी हैं।
डॉ. उपाध्याय के इस चयन से बलिया के साहित्यिक और शैक्षणिक जगत में हर्ष का माहौल है। जिले के कई शिक्षाविदों, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अवधेश यादव रिपोर्टिंग।









