वाराणसी । मानसून के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी मंडल, आशीष जैन ने रविवार, 19 जुलाई 2026 को औड़िहार–जौनपुर रेलखंड पर जौनपुर–मुफ्तीगंज स्टेशनों के मध्य खलासा मार्ग स्थित समपार संख्या 40-सी का औचक संरक्षा निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने समपार फाटक की स्थिति, संरक्षा मानकों के अनुपालन, बूम लॉकिंग व्यवस्था, गेटमैन की कार्यकुशलता, अनुरक्षण अभिलेखों, प्राइवेट नंबर आदान-प्रदान रजिस्टर, गेट फोन एवं कंट्रोल फोन संचार प्रणाली की जांच की।

इसके अलावा रेल एवं सड़क सतह, सिग्नल व इंटरलॉकिंग व्यवस्था, संरक्षा उपकरणों तथा दुर्घटना रोकथाम संबंधी उपायों का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। समपार क्षेत्र में अतिक्रमण और दृश्य अवरोधों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
डीआरएम ने गेटमैन अशोक कुमार यादव से संरक्षा ज्ञान एवं आपातकालीन प्रक्रियाओं की जानकारी ली और सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों और रेल परिचालन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।








